Wednesday, December 1, 2010

विलियम-केट की शादी का होगा थ्री डी प्रसारण


लंदन। ब्रिटेन के राजकुमार प्रिंस विलियम और उनकी प्रेमिका केट मिडिलटन की शाही शादी को कवर करने के लिए मीडिया में भी जोरशोर से तैयारियां चल रही है। बीबीसी, स्काई न्यूज, आइटीवी की योजना ब्रिटेन और अमेरिका समेत पूरी दुनिया में इसका सीधा प्रसारण करने की है। मीडिया मुगल रूपर्ट मर्डोक की ब्रिटिश स्काई ब्रॉडकास्टिंग अगले साल 29 अप्रैल को होने वाली इस शादी में एक नया आयाम जोड़ना चाहती है। अगर सब ठीक रहा, तो उसकी योजना शादी के थ्री डी प्रसारण की है। माना जा रहा है कि टीवी के इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा दर्शक इस शाही शादी को देखेंगे। फिलहाल इस योजना के बारे में शाही परिवार से कोई वार्ता नहीं हुई है। स्काई ने प्रीमियर लीग सॉकर का थ्री डी में एक साल से ज्यादा समय तक प्रसारण किया था। साथ ही वह ब्रिटेन के चुनाव के दौरान नेताओं की बहस, संगीत और एटीपी टेनिस फाइनल का अपने थ्री डी चैनल पर प्रसारण कर चुका है। बीबीसी की योजना शाही शादी को हाई डेफिनेशन पर दिखाने की है। उसे विश्वास है कि यह समारोह 1981 में प्रिंस चा‌र्ल्स और राजकुमारी डायना की शादी की तरह आकर्षण का केंद्र होगा, जिसे उस समय करीब एक अरब दर्शकों ने देखा था। उस समय लंदन और अमेरिका में सिर्फ तीन राष्ट्रीय चैनल हुआ करते थे।
1997 में डायना के अंतिम संस्कार को दुनिया भर में करीब ढाई अरब लोगों ने देखा था। टीवी के इतिहास में उस समय इसे सबसे ज्यादा दर्शकों ने देखा था।

0 comments:

Post a Comment