
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के कराची शहर में एक रूसी मालवाहक विमान के उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से चालक दल के सभी आठ सदस्यों के अलावा जमीन के तीन लोग मारे गए।
अधिकारियों के अनुसार इलीसूशिन आईएल-76 विमान संयुक्त अरब अमीरात से आया था और उसे सूडान की राजधानी खार्तूम जा रहा था। स्थानीय समयानुसार विमान देर रात एक बजकर 50 मिनट पर छावनी के डालमिया क्षेत्र के निकट दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह एक नौसैनिक परिसर में गिरा जहां नए अपार्टमेंट के निर्माण किए जा रहे हैं।
नागर विमानन प्राधिकरण के प्रवक्ता परवेज जार्ज ने बताया कि विमान नगर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के महज दो मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसमें सवार रूसी चालक दल के सभी आठ सदस्यों की मौत हो गई।
जियो टीवी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मल्बे के पास निर्माणाधीन अपार्टमेंट से कम से कम तीन मजदूरों के शव बरामद हुए। अधिकारियों ने बताया कि बरामद किए गए शव क्षत-विक्षत थे और उनको पहचानना बहुत मुश्किल था। अधिकारियों ने बताया कि अनेक लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल से कुछ दूरी पर घनी आबादी वाले अपार्टमेंट हैं और अगर रूस के सनवे एयरलाइन का यह विमान वहां गिरता तो हताहतों की तादाद बहुत ज्यादा होती। सुबह होने पर दुर्घटनास्थल पर बचाव अभियान में तेजी आई। सैकड़ों की तादाद में नौसेना और थलसेना के कर्मी जुटे।



0 comments:
Post a Comment