Monday, November 29, 2010

सूरज मेरा है, इसकी रोशनी के इस्तेमाल की लगेगी फीस!


मैड्रिड। उगते या ढलते सूरज को देख कर आपके मन में कभी उस पर अपना अधिकार जमाने का ख्याल नहीं आया होगा। मगर स्पेन की एक महिला ने सूर्य को अपनी निजी संपत्ति बताकर इसकी रोशनी का इस्तेमाल करने वालों पर फीस लगाने का दावा किया है। स्पेन के गैलिसिया शहर में रहने वाली 49 वर्षीया एंजिल्स ड्यूरन ने कहा, हमारे सौर मंडल का एकमात्र तारा, सूर्य आधिकारिक तौर पर मेरी संपत्ति है। उन्होंने सूर्य का स्थानीय नोटरी कार्यालय में अपने नाम पंजीयन भी कराया है। ड्यूरन ने स्पेन के अखबार अल मुंदो को बताया कि उन्होंने यह पंजीकरण सितंबर में कराया। उन्होंने यह काम अमेरिका के एक शख्स से प्रभावित होकर किया है। अमेरिका का यह शख्स चंद्रमा और कई ग्रह अपने नाम करा चुका है। वैसे दुनिया के सभी देशों के बीच एक अंतरराष्ट्रीय सौदा होता है, जिसके तहत कोई भी देश किसी ग्रह या तारे पर अपना मालिकाना हक नहीं जमा सकता। मगर यह सौदा किसी व्यक्ति विशेष पर लागू नहीं होता।
ड्यूरन ने बताया, यह कोई मजाक नहीं है। मैंने कानूनी तौर पर यह हक हासिल किया है। मैं बेवकूफ नहीं हूं। कानून की जानकारी मुझे भी है। नोटरी कार्यालय के दस्तावेज में लिखा गया है कि मिस ड्यूरन को सूर्य की मालकिन घोषित किया जाता है। अब वह सूर्य की रोशनी इस्तेमाल करने वालों पर फीस लगाने की तैयारी में हैं। इसका आधा भाग वह स्पेनिश सरकार को देने के साथ 20 फीसदी देश के पेंशन फंड में जमा करेंगी। इसके अलावा दस प्रतिशत शोध कार्यो और दस प्रतिशत दुनिया की भुखमरी कम करने और बाकी दस प्रतिशत को खुद रखेंगी।

0 comments:

Post a Comment