Friday, December 3, 2010

चीन की ट्रेन ने रफ्तार का विश्व रिकॉर्ड बनाया


बीजिंग। चीन की एक ट्रेन ने रफ्तार के मामले में एक नया विश्व रिकार्ड कायम किया है। परीक्षण के दौरान इस ट्रेन ने 486 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दूरी तय की जो दुनिया में फिलहाल सर्वाधिक है। चीन के रेल मंत्रालय के अनुसार, ट्रेन 'सीआरएच 380 ए' ने शांडोंग राज्य के जाओझुआंग शहर से अन्हुई प्रांत के बेंगबू शहर तक की दूरी 486 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तय की। गौरतलब है कि यह रेलमार्ग विश्व में तेज गति से चलने वाली ट्रेनों का सबसे लंबा मार्ग है जो बीजिंग और शंघाई को जोड़ता है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, इससे पहले इस ट्रेन ने 28 सितंबर को 416.6 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से शंघाई और हांगझू के बीच की दूरी तय की थी। चीन के रेल मंत्रालय के प्रवक्ता वाग योंगपिंग ने कहा कि यह ट्रेन केवल बीजिंग-शंघाई रेलवे की उपलब्धि नहीं है, बल्कि चीन की अत्याधुनिक तकनीक का भी नायाब नमूना है। चीन तेज गति से दौड़ने वाली ट्रेन बनाने में सबसे आगे है। चीनी अधिकारियों का कहना है कि पांच सौ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली ट्रेन भी जल्द विकसित होने वाली है।

0 comments:

Post a Comment