Thursday, December 2, 2010

चीन में चलता फिरता घर 45 हजार में


बीजिंग। चीन के बड़े शहरों में आसमान छूती जमीन की कीमतों के कारण घर बनाना किसी सपने से कम नहीं है। इसे देखते हुए यहां के दाए हेफेई ने सचल अंडे के आकार का 'एग हाउस' बनाकर गरीब लोगों को घर मुहैया कराने का बेहतर विकल्प दिया है। वो भी वाजिब दाम पर। यह हजारों कर्मचारियों के लिए प्रेरणा बन गया है। साधारण कर्मचारी 24 वर्षीय हेफेई के लिए राजधानी में मकान खरीदना तो दूर, किराया देना तक मुमकिन नहीं था। उसने महज एक हजार डॉलर [करीब 45 हजार रुपये] में 'एग हाउस' बनाया। वह उसमें तकरीबन दो महीने से रह रहा है। छह वर्ग मीटर के इस घर में बाथरूम नहीं है। हेफेई ने अपने चचेरे भाई से एक हजार डॉलर उधार लिए और बीजिंग से 17 सौ किमी दूर हुनान प्रांत स्थित अपने गांव में 'एग हाउस' बनाया। फिर उसे बीजिंग लाकर अपने कार्यालय के पास टिका दिया। इस सचल घर में एक मीटर चौड़ा बिस्तर है। इसे बनाने में बांस, जूट और घास का इस्तेमाल हुआ है। उसने जूट में घास के बीज भी डाले हैं। वसंत आने पर यह घास से ढक जाएगा। हेफेई अब खुश है। उसका कहना है कि अब उसके कुछ पैसे भी बच जाते हैं। यहां तक कि अब उसे कार्यालय जाने में केवल एक मिनट लगता है। यह छोटा सा घर इंटरनेट पर भी खूब चर्चित हो रहा है। तकरीबन एक हजार लोगों ने इंटरनेट पर हेफेई के काम की प्रशंसा की है। हालांकि कुछ लोगों ने इसकी सुरक्षा और कानूनी वैधता पर भी सवाल उठाया है। कुछ का मानना है कि यह घर ज्यादा दिन तक नहीं चलने वाला।

0 comments:

Post a Comment