Sunday, December 5, 2010

व्यक्ति ने की 'नागिन' से शादी!


दमोह. भले ही यह अंधविश्वास हो लेकिन बटियागढ़ ब्लाक के बरखेरा नाहर गांव में जो कुछ हुआ वह चौकाने वाला है। गांव के शादीशुदा बिरजू आदिवासी को तीन माह में दो बार नागिन डस चुकी और स्वप्न में आकर अपने साथ विवाह करने को कह रही थी। उसने ऐसा करने को मना किया तो नागिन ने एक अन्य महिला की मांग भरने को कहा। नागिन का कहना था कि महिला उसकी बहन है। यदि वह उस महिला की मांग भर देता है तो उसे मुक्ति मिल जाएगी। तांत्रिक ने बताया महिला का पता : बिरजू आदिवासी ने स्वप्न में आने वाली नागिन की बात जब तांत्रिक को बताई तो उन्होंने उस महिला का पता बता दिया,जो बिरजू के पास के ही गांव भटेरा की एक शादीशुदा आशारानी है। युवक की परेशानी देखते हुए गांव के कुछ लोगों ने तय किया कि बिरजू से उस महिला की मांग भरवा दी जाए। तांत्रिक की बात और बिरजू की परेशानी से परिवार वालों ने महिला अवगत कराया और मांग भराई का कार्यक्रम भी तय हो गया। 29 नवंबर को भटेर से आशारानी भी बरखेरा हजारों की भीड़ में भाव खेलते पहुंच गई। भीड़ ज्यादा होने से दिन में इस कार्यक्रम को टाल दिया लेकिन उसी रात गुपचुप तरीके से रस्म पूरी कर ली गई। तांत्रिक ने बताया था : बिरजू आदिवासी के भाई सुरेश आदिवासी ने बताया कि नागिन के पिछले जन्म की कहानी का पता उस समय चला जब नागिन ने बिरजू को दूसरी बार पैर में डसा था। वह बिरजू को नोहटा के पास तांत्रिक से झड़वाने ले गए थे। तांत्रिक ने बताया कि नागिन बिरजू को डसने नहीं उसके पैर पडऩे के लिए आती है। पैर खींचने के कारण बिरजू को नागिन के दांत लग गए। सुरेश के अनुसार तांत्रिक ने यह भी बताया था कि पिछले जन्म में बिरजू कोलकाता के विकास नगर का राजा था। जहां की एक गरीब लड़की बिरजू से प्यार करती थी और बिरजू भी उसे चाहता था।
लड़की के गरीब होने के कारण दोनों शादी नहीं कर पाए थे और लड़की की मौत हो गई थी। इस जन्म में वह अपने प्रेमी को पहचान गई है और उसे पाना चाहती है। तांत्रिक को सुरेश ने बताया था कि बिरजू को किसी महिला की मांग भरने के स्वप्न भी आते हैं। लेकिन पता नहीं कि वह महिला कौन है तो तांत्रिक ने ही उस महिला (आशारानी भटेरा) का पता बताया और उसके बाद यह कार्यक्रम तय किया। दोनों ने भाव खेलते हुए स्वीकारा-29 नवंबर को हजारों की जमा भीड़ में अपने घर से निकले बिरजू ने भाव खेलते हुए कहा कि पिछले जन्म वह राजा था उस समय की उसकी प्रेमिका इस जन्म में नागिन बन गई है जिसकी उसे मांग भरना है। भटेरा गांव से आशारानी भी बरखेरा पहुंची और उसने भी भाव खेलते हुए कहा कि वह नागिन की बहन है और उसकी बहन ने कहा है कि वह बिरजू से मांग भरवा ले, तभी उसे मुक्ति मिलेगी।
इनका कहना है-गांव के ताराचंद सेन ने बताया कि बिरजू व उसके परिवार के लोग नागिन से डर रहे थे। भाव खेलने के दौरान बिरजू के बताए अनुसार महिला को बुलाकर ऐसा किया गया। महिला अकेली ही बिरजू के पास आई थी। बिरजू का कहना है कि मांग भरने के बाद अब स्वप्न में नागिन नहीं दिख रही। बटियागढ़ टीआई सुमन धुर्वे ने बताया कि 29 नवंबर की शाम को वह गांव गए थे। बिरजू के घर के पास उसके परिवार के दो-चार लोग थे बाकी कोई नहीं था। श्री धुर्वे ने बताया कि मांग भरने जैसा कोई कार्यक्रम नहीं हुआ।

0 comments:

Post a Comment