Sunday, November 14, 2010

92 साल का फ्रिज!

लंदन। ब्रिटेन में 92 वर्ष पुराना एक फ्रिज अभी भी अच्छी तरह से काम कर रहा है। इसे दुनिया का सबसे पुराना फ्रिज बताया जा रहा है। जिस समय इसका निर्माण हुआ था, उस समय इसकी कीमत फोर्डमोटर कंपनी की एक कार से भी ज्यादा थी। इसे रखना धनवान होने का प्रतीक माना जाता था।

प्रथम विश्व युद्ध के बाद इस फ्रिज को अमेरिका से ब्रिटेन लाया गया था। लकड़ी के फ्रेम में बने इस फ्रिज की कीमत उस समय 775 डॉलर (लगभग 34 हजार 705 रुपये) थी, जो टी फोर्ड कार की कीमत 450 डॉलर (लगभग 20 हजार 151 रुपये) से भी ज्यादा थी। इसके मालिक इयान पासले टेलर का मानना है कि इसका निर्माण वर्ष 1918 से पहले हुआ है। उनके दादा 1923 में इसे जहाज से ब्रिटेन लाए थे। उन्होंने बताया कि फ्रिज अभी भी अच्छी तरह काम कर रहा है, लेकिन इसमें आवाज बहुत आती है। साथ ही बिजली की खपत बहुत ज्यादा है।

70 वर्षीय टेलर ने कहा, इसका अभी तक कार्य करना असाधारण बात है। पांच फीट लंबा यह फ्रिज फ्रिजिडेयर कंपनी की ओर से बनाया गया पहला फ्रिज था। श्रापशायर के काकहट निवासी टेलर इस फ्रिज का प्रयोग पेय पदार्थो और मक्खन को रखने के लिए कर रहे हैं। तीन वर्ष पहले इसके दरवाजों के कब्जों को बदलना पड़ा था। इसके अलावा इसमें रख-रखाव की और कोई जरूरत नहीं पड़ी है।

0 comments:

Post a Comment