Thursday, November 18, 2010

भविष्यफल - नवंबर 2010

मेष ( ARIES):- इस महीने का पहला हिस्सा सिर दर्द और गले की खराबी से कफ विकार पैदा कर सकता है। स्वास्थ्य अनुकूल रखने के लिए आपको अत्यधिक खर्च करना पड़ेगा। यात्राओं या सम्पर्क माध्यमों से कुछ महत्वपूर्ण मामले लाभदायक परिणाम देंगे। परन्तु किन्हीं मामलों में अत्यधिक परिश्रम करने के बावजूद ऐन मौके पर मामूली चूक हो जाने से हाथ मलते रह जाने का खेद और मलाल होगा। महीने का दूसरा हिस्सा अत्यधिक आशावादी है। यह सफलताओं को माध्यम बनाकर आपको अद्वितीय साबित करेगा। आप सबके प्रिय पात्र बन जाएंगे और कई लोग आप पर न्यौछावर रहेंगे।
वृष ( TAURUS):- इस महीने की गोचर स्थिति ज्यादातर आपके कार्यक्षेत्र को उन्नत करेगी। आर्थिक विकास सम्बन्धी व्यस्तताओं में मन रमा रहेगा। उन्नति और पद प्राप्ति के लिए भी ठोस भूमिका तैयार होगी। अनेक शुभचिंतक और प्रशंसक आपका उत्साह बढ़ाएंगे। परन्तु शासन सत्ता की ओर से पैदा होने वाली आर्थिक या व्यवसाय की चिन्ता या किसी उच्चाधिकारी का कोप झेलना होगा। इस महीने आपके सम्पर्क सूत्र और घनिष्ठ दोस्त उस समस्या का निदान ढूंढने में सफल हो जाएंगे , जो काफी लम्बे अरसे से आपके जीवन में तनाव पैदा कर रही थी।
मिथुन ( GEMINI):- इस महीने का पहला हिस्सा कुछेक आर्थिक समस्याओं से मुक्ति दिलाएगा। जीवन के प्रति उत्साह और जोश पैदा होगा। परिवार के सदस्यों को रोजगार या व्यापार में शामिल करने का अवसर मिलेगा। सरकारी या निजी क्षेत्र से व्यावसायिक एवं लाभकारी कॉन्ट्रैक्ट बनेंगे। महीने के उत्तरार्ध के दौरान सरकारी सेवा में लाभ मिलेगा। किसी अप्रत्याशित लाभ या अस्थाई राहत खर्च से बढते व्यय की पूर्ति हो जाएगी। महीने के अन्त तक घर की साज सज्जा और वस्त्राभूषण के लिए जरूरी खर्च बढ़ेगा। किसी शुभचिंतक से मिलाप भी अर्थ तंत्र को मजबूती देगा।
कर्क ( CANCER):- इस महीने का पहला हिस्सा स्थान-परिवर्तन या करोबार व्यापार में बदलाव की अपेक्षा रखता है। संतोषजनक सीमा तक आर्थिक लाभ होता जाएगा। रुका हुआ धन या दूसरे के हाथों में चली गई व्यापारिक गतिविधियां पुनः आपको मिल सकेंगी। महीने का दूसरा हिस्सा अवांछित और धूर्त लोगों के कारण कष्ट देगा। लेन-देन या बिजनस में धोखा हो सकता है। किसी निकृष्ट व्यक्ति के कारण आपकी सम्मानित छवि प्रभावित हो सकती है।
सिंह ( LEO):- यह महीना विशेष आर्थिक लाभ की प्रत्याशा में बीतेगा। रचनात्मक कामों का सुपरिणाम जल्दी मिलने की आशा रहेगी। जिम्मेदारी पूरी होगी और किसी विशेष अभियान में आपकी कार्यक्षमता का उपयोग किया जाएगा। इस महीने के दौरान आपके विरोधी और प्रतिस्पर्धी आहत हो सकते हैं। शुक्र पराक्रम भाव में प्रवेश करेगा और बारंबार लाभ होगा। पिछले कर्ज या देनदारियां चुकता हो जाएंगी। आर्थिक पक्ष उज्जवल रहेगा।
कन्या ( VIRGO) :- यद्यपि महीने की शुरुआत कुछ तनावपूर्ण वातावरण से होगी , लेकिन जल्दी ही घटनाक्रम में कुछ सुधार होगा। पहले हिस्से में यात्रा और वाहन आदि का सुख प्राप्त होता रहेगा। यदि किसी जटिल काम के लिए आप पर्याप्त पैसा खर्च करें तो सारे कष्ट दूर हो जाएंगे। चतुर व्यवसाय करने वाले महानुभावों को जोखिम या थोड़ी सी कोशिशों से धन प्राप्ति होगी। महीने के दूसरे हिस्से में आपके सगे संबंधी और कुटुम्बजन आपकी प्रशंसा करेंगे।
तुला ( LIBRA):- इस महीने की शुरुआत में आर्थिक कामों में सफलता मिलेगी। पहले हिस्से में नया काम आरंभ होगा। अचानक किसी और जगह से धन-प्राप्ति भी संभव है। जरूरतें पूरी होंगी , फिर भी खर्च पर कंट्रोल जरूरी है। सन्तान की सफलता से आनन्दित रहेंगे। विरोधियों के साथ किसी क्षेत्र से परेशान रहेंगे। धन हानि की भी सम्भावना है। महीने के आखिर में आय अनियमित हो जाएगी। स्थायी सम्पत्ति के फैसले को फिलहाल स्थगित रखें।
वृश्चिक ( SCORPIO):- इस महीने किसी आर्थिक उद्देश्य की प्राप्ति के लिए जनसम्पर्क और चर्चाएं आवश्यक होंगी। महीने के पहले हिस्से में तर्क बुद्धि से सफलता में रुकावट सम्भव है। पहले हफ्ते के बीच सन्तान के सम्बन्ध में चर्चा करने में सावधानी रखें। दूसरे सप्ताह जीवन साथी का हस्तक्षेप आर्थिक सुख में बाधक होगा। तीसरे सप्ताह तक मन में अशांति रहेगी। मुश्किल यात्रा होगी। चौथे सप्ताह रुका धन प्राप्त होगा।
धनु ( SAGITTARIUS) :- इस महीने में धनलाभ के लिए दैवीय सहायता की अपेक्षा शारीरिक परिश्रम पर ध्यान देंगे। नौकरी या बिजनस के लिए स्थिति अनुकूल है। परिवार में स्थिरता व सुव्यवस्था रहेगी। जायदाद के मसलों में गति आएगी। साथियों की धारणाएं बदल रही हैं , इसलिए धन के लिए दूसरों पर अधिक निर्भरता ठीक नहीं होगी। जीवन साथी से फाइनैंशल फायदा सम्भव है। आजीविका की स्थिति में सुधार होगा।
मकर ( CAPRICORN) :- इस महीने अर्थव्यवस्था की मजबूती में भाग्य साथ देता रहेगा। अपनी शिथिलता को त्याग कर अधूरे काम को पूरा करना जरूरी होगा। अधिकारी या सीनियर्स की अप्रसन्नता के प्रति भी सावधानी रखें। जोखिम में रूचि लेंगे। किसी लेन देन के प्रति निकटता और भावुकता की स्थिति को सीमित रखें। आज की भूल भविष्य में उलझा देगी। सुख प्राप्ति का आकर्षण अपनी जिम्मेदारियों से भटका देगा। नौकर-चाकरों के प्रति व्यवहार में कोमलता बनाए रखें। बढ़ते दोस्त और पड़ोसियों का मेल मिलाप स्वार्थपूर्ण सिद्ध होगा।
कुंभ ( AQUARIUS):- इस महीने के आरंभ में राशिपति शनि वह तमाम सुख साधन प्रदान करता रहेगा जो आपकी पहुंच और अधिकार क्षेत्र में आते हैं। आजीविका और नौकरी में आपका वर्चस्व कायम होगा। व्यापार में भी नए कॉन्ट्रैक्ट्स और नए कामों के प्रति जिज्ञासा फलीभूत होगी। सभी विचारे हुए काम समय पर पूरे होंगे। महीने के दूसरे हिस्से में व्यापार अथवा साझेदारी में रुकावट पड़ेगी।

मीन ( PISCES) :- इस महीने का पहला हिस्सा अनेक प्रकार के आर्थिक शुभ फलों से युक्त है। राजकीय पक्ष से सहायता और आश्वासन मिलेंगे। सज्जनों और उच्चाधिकारियों से भी मेल मुलाकात बढ़ेगा। संतान और दोस्तों के जरिए धन लाभ और सम्मान की आशा रहेगी। आपके बढ़ते वैभव और पराक्रम को देखकर लोग ईर्ष्या करेंगे। महीने के पिछले हिस्से में व्यवहार में परिवर्तन आएगा। शारीरिक और मानसिक कष्ट बढ़ जाएंगे। घरेलू जीवन के विवाद की समस्याएं और यात्रा में परेशानी अनुभव करेंगे। किसी जरूरी चीज का अभाव खलने लगेगा।

0 comments:

Post a Comment