Tuesday, November 16, 2010

50 लाख में बिकेगा बकरा!


यमुनानगर, [सुरेंद्र यादव]। एक बकरा रातों-रात बहुत सी लग्जरी कारों से भी महंगा हो गया। अभी उसकी कीमत तीस लाख रुपये लग चुकी है, पर उसका मालिक उसे 50 लाख रुपये से कम हरगिज बेचने को तैयार नहीं है। बकरे के शरीर पर अरबी भाषा में दिख रहे पवित्र कुरान के तीन शब्दों की वजह से वह आम से खास बन गया है। इस वजह से उस बकरे की मुंह-मांगी कीमत मिलने का पूरा भरोसा भी उसके मालिक को है। यह विशेष बकरा है हरियाणा में यमुनानगर शहर के तिलक नगर निवासी मुहम्मद साजिद का। साजिद ने अपने बकरे का नाम हसन अली ओबामा रखा है। दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके में बकरीद पर लगने वाली मंडी में साजिद अपने एक साल के बकरे की बोली ही 50 लाख रुपये से शुरू करेंगे। 17 नवंबर को बकरीद है और वह एक दिन पहले दिल्ली के लिए यहां से रवाना होंगे। बकरे के शरीर पर कुरान के इन तीन शब्दों की पुष्टि शहर के मौलवी मुहम्मद साजिद ने भी की है। उनका कहना है कि बकरे के पेट के पास कुरान के अलिफ, लाम और हा बने हुए हैं। बकरे के मालिक साजिद ने बताया कि उन्होंने यह बकरा शहर के ही मुहम्मद कामिल से साढ़े चार हजार रुपये में खरीदा था। कामिल को इस बकरे की खासियत की जानकारी नहीं थी। बाद में दोनों पक्षों में किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए बाकायदा खरीद-फरोख्त का कानूनी इकरारनामा तैयार करवाया गया। राजस्थान के सीकर निवासी एक व्यापारी सिराजुद्दीन इस बकरे की कीमत 30 लाख रुपये पहले ही लगा चुका है। अब उसे लोगों की नजरों से बचाने के लिए गुप्त स्थान पर रखा गया है। उसकी अच्छी खासी सेवा भी हो रही है। बाकायदा शैंपू से स्नान करवाया जा रहा है और खाने को चने दिए जा रहे हैं।
साजिद ने बताया कि पिछले वर्ष जयपुर का एक ऐसा ही बकरा मुंबई में डेढ़ करोड़ में बिका था। उसके शरीर पर भी कुरान का एक शब्द बना हुआ था। उस बकरे का नाम सलमान था।

0 comments:

Post a Comment