Friday, November 26, 2010

चीन में सुंदर दिखने के लिए जान हथेली पर


बीजिंग। पिछले दिनों मिस व‌र्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन करने वाले चीन की युवतियों में प्लास्टिक सर्जरी कराकर खूबसूरत दिखने की ऐसी होड़ मची है कि उन्हें अपनी जान तक की परवाह नहीं। इन्हीं युवतियों में एक थी 24 वर्षीया वांग बेई, जो सुंदर बनने के फेर में अपनी जान गंवा बैठी। मध्य चीन के हुबेई प्रांत की वांग पॉप स्टार के तौर पर नाम कमाना चाहती थीं। उन्होंने रियलिटी शो 'द एक्स-फैक्टर' के फाइनल में भी जगह बनाई थी। इस महीने प्लास्टिक सर्जरी कराने गई वांग ऑपरेशन थियेटर में ही अपनी जान से हाथ धो बैठीं। इस घटना से चीनी जनता बहुत नाराज है। तेजी से अमीर हो रहे चीन में हर साल औसतन तीस लाख लोग प्लास्टिक सर्जरी कराते हैं। दुर्भाग्य की बात यह है कि प्लास्टिक सर्जरी के शौकीन इस देश में इस काम को करने वाले कुशल डॉक्टरों का अभाव है।
-गैर कानूनी दुकानें: गुआंगडोंग मेडिकल कॉलेज में प्लास्टिक सर्जरी के प्रोफेसर झांग हुएबिन ने बताया, 'चीन में प्लास्टिक सर्जरी की मांग तो तेजी से बढ़ रही है, मगर उसको पूरा करने वाले योग्य डॉक्टरों की भारी कमी है। नतीजा नकली डॉक्टर गैरकानूनी तौर पर प्लास्टिक सर्जरी की दुकानें चला रहे हैं और लोगों की जान जोखिम में है।'
तेजी से बढ़ती संपन्नता के बीच लोग यहां किसी भी कीमत पर सुंदर दिखना चाहते हैं। शंघाई और बीजिंग जैसे बड़े शहरों में प्लास्टिक सर्जरी का धंधा खूब फल-फूल रहा है। महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों की भी रुचि इसमें बढ़ रही है। ऐसे ही एक अवैध प्लास्टिक सर्जरी के केंद्र की घटना के बारे में एक चश्मदीद ने बताया। उसने एक सैलून में एक अकुशल व्यक्ति द्वारा प्लास्टिक सर्जरी करने की बात कही। मगर चीनी जनता के मन में भी इसको लेकर तनिक भी भय नहीं है।
चाइनीज एसोसिएशन ऑफ प्लास्टिक एंड एस्थेटिक्स के आंकड़ों के अनुसार, पूरे देश में करीब दो लाख लोग प्लास्टिक सर्जरी के धंधे से जुड़े हैं। हर साल इस धंधे से लोगों को डेढ़ अरब पौंड [करीब 107 अरब रुपये] की कमाई होती है।

0 comments:

Post a Comment