
वाशिंगटन। कहते हैं चोर कितना ही शातिर हो, चोरी के कोई न कोई निशान जरूर छोड़ जाता है। ऐसा ही एक वाकया अमेरिका में सामने आया है। एक घर में चोरी करने पहुंचा चोर अपना मोबाइल फोन चार्जिग पर लगाकर भूल गया। इस छोटी सी भूल के कारण वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। दरअसल, चोर ने घर के सामान पर हाथ फेरने से पहले अपना मोबाइल चार्जिग पर लगा दिया। इस दौरान घर में खटर-पटर की आवाज सुनकर घर के मालिक की आंख खुल गई। यह जानकर चोर खिड़की से कूदकर भाग गया। हड़बड़ी में वह मोबाइल फोन ले जाना भूल गया। मौके पर पहुंची पुलिस को घर में तलाशी के दौरान यह मोबाइल फोन मिला। पुलिस में उसमें मौजूद एक नंबर पर मिलाया और कहा कि इस फोन के मालिक को एक दुर्घटना में चोट आई है। उन्होंने उसके बारे में विवरण मांगा। उसके बाद पुलिस को चोर का ठिकाना मिल गया और उसने 25 वर्षीय कोडी विलकिंस को गिरफ्तार कर लिया। उस पर लूटपाट के दस आरोप और भी हैं। पुलिस के मुताबिक हाल ही में आए तूफान में विलकिंस के घर की बत्ती कट गई थी। उसे फोन को चार्ज करना था सो उसने एक पंथ दो काज करने के इरादे से फोन को चार्जिग पर लगा दिया और अपने काम में जुट गया। मगर घर के मालिक द्वारा पकड़े जाने के भय से मोबाइल वहीं भूलकर भाग खड़ा हुआ।



0 comments:
Post a Comment