Friday, February 11, 2011

अमेरिका में लोकप्रिय हो रहा सूर्य नमस्कार


वाशिंगटन। भारतीय योग में लोकप्रिय सूर्य नमस्कार अब अमेरिका में भी पसंद किया जा रहा है। यहां के कई शहरों में लोग स्वास्थ्य लाभ के लिए इस प्राचीन योगासन का सहारा ले रहे हैं।जनवरी में अमेरिका में 40 प्रांतों के 225 शहरों में आयोजित सूर्य नमस्कार अभ्यास में 10 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। यह जानकारी हिंदू स्वयंसेवक संघ [एचएसएस] ने दी। यह संगठन हर साल 'हेल्थ फॉर ह्यूमैनिटी योगाथन' नाम से इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करता है।फ्लोरिडा के ताम्पा, मिलपिटास [कैलिफोर्निया], नोर्मल [इलिनायस] और ब्लूमिंगटन [इलिनायस] के मेयरों ने 'हेल्थ फॉर ह्यूमैनिटी' दिवस की घोषणा की, जिसे सूर्य नमस्कार योजना भी कहा जाता है। उन्होंने स्थानीय लोगों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित किया है। कैलिफोर्निया के 17 पब्लिक स्कूल, 25 यूनिवर्सिटी और 14 योग स्टूडियो इस कार्यक्रम में भाग लेते हैं।न्यूयॉर्क के मेयर माइकल ब्लूमबर्ग ने इस योगाथन को 'शेप अप न्यूयार्क' कार्यक्रम के साथ एकीकृत कर दिया है।सूर्य नमस्कार योग के तहत सास लेने की तकनीक सहित 10 तरह की अत्यधिक संतुलित शारीरिक गतिविधिया होती हैं। इससे शरीर की चर्बी कम होती है और शरीर हल्का फुल्का होता है।वैदिक फ्रेंडस एसोसिएशन के अध्यक्ष स्टीफन क्नैप ने कहा, 'मैंने निश्चित तौर पर अपने स्वास्थ्य में खासकर अपनी ऊर्जा और शक्ति में बदलाव देखा।' एचएसएस ने योग के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए 'हेल्थ फॉर ह्यूमैनिटी की शुरुआत 2007 में की थी।

0 comments:

Post a Comment