Wednesday, January 5, 2011

पुरुष ने पुरुष का किया बलात्कार,


बीजिंग. चीन में एक पुरुष ने अपने सहकर्मी पुरुष के साथ बलात्कार किया, लेकिन उसे काफी कम सजा मिली। चीन के कानून में पुरुष के दूसरे पुरुष के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने पर किसी सजा का कोई उल्लेख ही नहीं है। अब इस मुद्दे पर चीन के कानून मंत्रालय के अधिकारी असमंजस में हैं।बीजिंग के होशा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में काम करने वाले 42 वर्षीय झांग हुआ ने 18 साल के लिउ जून (बदला हुआ नाम) के साथ पिछले साल 9 मई को बलात्कार किया। इस जबरिया प्रयास में लिउ को चोटें भी आईं। लेकिन पुलिस ने उस पर हमला कर घायल करने का प्रकरण पंजीबद्ध किया है क्योंकि कानून पुरुष का पुरुष के साथ बलात्कार के मुद्दे पर खामोश है।झांग को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। पुलिस ने हालांकि अदालत में साबित करने की कोशिश की कि उसने बलात्कार किया है, लेकिन अदालत इससे सहमत नहीं हुई। अंततः पुलिस उसे बलात्कार की सजा नहीं दिलवा सकी क्योंकि चीन में बलात्कार की परिभाषा के अनुसार एक महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध स्थापित करना है।अदालत ने सुनवाई के बाद आरोपी को हमला करने के आरोप में एक साल की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर 3026 डॉलर (1,33,144 रुपए) का जुर्माना भी लगाया है। यदि आरोपी ने दुष्कर्म किसी महिला के साथ किया होता तो उसे कम से कम तीन साल की सजा होती। चीन विश्वविद्यालय में कानून के प्रोफेसर हांग डोडे ने कहा कि चीन में कानून बनाने वालों ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि एक पुरुष, दूसरे पुरुष के साथ बलात्कार करेगा। इसके अलावा कानून किसी महिला द्वारा पुरुष को जबरन शारीरिक संबंध बनाने पर मजबूर करने पर भी खामोश है।

0 comments:

Post a Comment