Friday, January 7, 2011

बर्फ में दो घंटे बैठकर बनाया व‌र्ल्ड रिकॉर्ड


वाशिंगटन। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी के बीच क्या आप बर्फ में बैठने की कल्पना भी कर सकते हैं? शायद नहीं.. मगर चीन के दो व्यक्तियों ने बर्फ से पटी वादियों के बीच यह कारनामा कर दिखाया है। उन्होंने दो घंटे तक बर्फ में बैठने का नया रिकॉर्ड बनाकर गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकॉ‌र्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है।53 वर्षीय चेन केसाइ और 56 वर्षीय जिन सोंघाओ दो पारदर्शी डिब्बों में बिना कपड़ों के बैठ गए। उसके बाद इन डिब्बों को बर्फ से भर दिया गया। दोनों ने यह रिकॉर्ड दक्षिणी चीन के हुनान प्रांत के थ्यानमेन माउंटेन की बर्फ से ढकी चोटी पर बनाया।चेन ने गर्दन तक भरी बर्फ के बीच एक घंटा 58 मिनट बिताए। उसके बाद उनके शरीर के तापमान में यकायक गिरावट आने के बाद उन्हें बाहर निकाल लिया गया। जिन ने चेन से दो मिनट ज्यादा यानी दो घंटे बर्फ में बैठकर बिताए। यही नहीं उन्होंने बर्फ में बैठकर कम्युनिस्ट पार्टी की प्रशंसा में कुछ लेख भी लिखे। बाहर निकलने के बाद उन्होंने कहा, मैं स्वस्थ हूं। बर्फ में इतनी देर रहने के कारण उनका शरीर सुर्ख लाल पड़ गया था। दोनों ही दुनिया के सबसे ठंडे इलाकों में से एक साइबेरिया की सीमा के पास स्थित चीन के हीलोंगजियांग प्रांत के निवासी हैं। जहां सर्दियों में पारा शून्य से 40 डिग्री नीचे चला जाता है। दोनों ने इसी हफ्ते बर्फ में एक घंटा 55 मिनट तक बैठे 51 वर्षीय डच नागरिक विम हॉफ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।

0 comments:

Post a Comment