Sunday, December 26, 2010

महिलाओं के लिए चीन स्थापित करेगा अंडाणु बैंक


बीजिंग। चीन में पहली बार अंडाणु बैंक खुलने जा रहा है। यह बैंक मां बनने में असमर्थ महिलाओं के लिए उम्मीद की नई किरण साबित हो सकता है। ऐसी महिलाएं दूसरों के अंडाणु अपने गर्भ में स्थापित करके बच्चे पैदा कर सकती हैं। इसके अलावा बैंक में भविष्य में मां बनने की इच्छुक महिलाएं अपने अंडाणुओं को सुरक्षित रख सकती हैं। भाग-दौड़ भरी जिंदगी, काम के बोझ और बदलती जीवनशैली के बीच महिलाओं की घटती प्रजनन क्षमता के चलते इसे शानदार प्रयास माना जा रहा है। महिलाएं जब मां बनने को तैयार हों, तब यहां रखे अपने अंडाणु का इस्तेमाल कर सकेंगी। 'चाइना डेली' के अनुसार शंघाई में यह बैंक अगले तीन साल में शुरू हो जाएगा। यहां स्तन कैंसर से पीड़ित महिलाएं भी कीमोथेरेपी से गुजरने से पहले अपने अंडाणु रख सकती हैं। सर्जरी के बाद अपने सुरक्षित अंडाणु वापस लेकर ये महिलाएं मां बन सकती हैं। शंघाई जियाओटोंग यूनिवर्सिटी के डॉक्टर डी वेन ने बताया कि महिला के शरीर से निकलने के बाद एक अंडाणु दस घंटे में ही मृत हो जाता है। मगर अंडाणु बैंक में इसे तरल नाइट्रोजन में संरक्षित करके कम से कम दस साल तक जीवित रखा जा सकता है। उन्होंने कहा, 'यह बैंक उन महिलाओं की मदद के लिए है जो युवावस्था में अपने करियर को प्राथमिकता देती हैं और जिन्हें लगता है कि समय के साथ उनके अंडाणु की गुणवत्ता खराब होती जाती है।'

0 comments:

Post a Comment