Thursday, December 30, 2010

जवां सोच रखिए और स्वस्थ रहिए


लंदन। अगर आप बुजुर्ग हैं और स्वस्थ रहना चाहते हैं तो युवाओं के अंदाज में सोचना और कपड़े पहनना शुरू कर दीजिए। यह दावा एक नए शोध में किया गया है। हार्वर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओंके मुताबिक युवाओं की तरह सोच व कपड़े पहनने वाले अपनी वास्तविक उम्र के मुताबिक जीने वालों के मुकाबले ज्यादा स्वस्थ रहते हैं। यही नहीं, बढ़ती उम्र को नजरअंदाज करके हृदय रोग व कैंसर जैसी बीमारियों पर भी काबू पाया जा सकता है। साथ ही, ब्लड प्रेशर, आर्थराइटिस व आंखों की दृष्टि में भी सुधार हो सकता है।शोधकर्ताओं ने दिमाग के शरीर पर पड़ने वाले असर से संबंधित कई अध्ययनों की समीक्षा की। एक परीक्षण में बुजुर्ग व्यक्तियों को एक सप्ताह के लिए अपने गुजरे वक्त वर्ष 1959 की शैली में जीने के लिए कहा गया। वे पांच के दशक की सुविधाओं में रहे और उन्होंने उसी समय के संगीत व टीवी शो का आनंद लिया। इन व्यक्तियों से तत्कालीन स्थितियों के अनुसार बात व क्रियाकलाप करने के लिए भी कहा गया।डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक एक सप्ताह के बाद वे करीब तीन साल जवां लगने लगे। उनके सुनने व देखने की शक्ति में भी इजाफा हुआ। उनकी मांसपेशियां मजबूत हो गई और याददाश्त भी सुधरी। 'पर्सपेक्टिव्स ऑन साइकोलॉजिकल साइंस' जर्नल में शोधकर्ता एलेन लेंगर ने कहा है कि बढ़ी उम्र के साथ नकारात्मक भाव आने लगते हैं, लेकिन इसे नजरअंदाज करके स्वस्थ रहा जा सकता है। एक अन्य अध्ययन के मुताबिक बाल कटाने व रंगवाने से महिलाएं न केवल युवा अनुभव करती हैं, बल्कि उनका ब्लड प्रेशर भी नियंत्रित रहता है।

0 comments:

Post a Comment