Friday, January 14, 2011

सुपर चिकन: मुर्गा जिसे बर्ड फ्लू नहीं होगा


लंदन। चिकन खाने वालों के लिए खुशखबरी। अब आप बिना बर्ड फ्लू से डरे चिकन खा सकते हैं। वैज्ञानिकों ने ऐसा मुर्गा विकसित किया है, जिसे बर्ड फ्लू नहीं होगा। इस मुर्गे को 'सुपरचिकन' नाम दिया गया है।वैज्ञानिकों ने इस चिकन का विकास आनुवांशिक संव‌र्द्धन [जेनेटिकली मोडीफाइड] के जरिए किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि नई खोज के द्वारा जल्दी ही बर्ड फ्लू और इस बीमारी के कारण होने वाली मौतों पर लगाम लगाई जा सकेगी। गौरतलब है कि पिछले सात साल में इस बीमारी से तीन सौ से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।वैज्ञानिकों ने मुर्गे के जीनोम में एक विशेष डीएनए को प्रत्यारोपित किया है। यह डीएनए मुर्गे के शरीर में 'डिकोय' नाम के एक अणु का उत्पादन करेगा। 'डिकोय' मुर्गे में बर्ड फ्लू के वायरस को फैलने से रोकने के अलावा इसे अगली पीढ़ी में भी स्थानांतरित नहीं होने देगा।ब्रिटिश अखबार, डेली मेल के मुताबिक 'सुपरचिकन' का विकास कैम्ब्रिज और एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने किया है। उनका कहना है कि यह प्रयोग घरेलू पक्षियों में होने वाले बर्ड फ्लू और उसके बाद मानवों के इससे प्रभावित होने की आशंका को रोक सकता है। यद्यपि 'सुपरचिकन' को खाद्य श्रृंखला में जोड़ने से पहले उन्होंने विशेष सुरक्षा जांच की जरूरत पर बल दिया है।

0 comments:

Post a Comment