Thursday, January 13, 2011

कुएं में गिरने के बाद भी बच गया बच्चा


बीजिंग। कुदरत का खेल भी निराला है। कभी जरा सी खरोंच लगने पर इंसान की जान चली जाती है तो कभी हजारों फीट की ऊंचाई से गिरने के बावजूद बाल भी बांका नहीं होता। चीन में एक चार साल का बच्चा 30 फीट गहरे कुएं में गिरने के दो दिन बाद भी जिंदा बच गया।युन्नान प्रांत के चेंगचोंग शहर में चार वर्षीय डेंग रुई को उसके दादा-दादी घर पर छोड़कर बाहर किसी काम से गए थे। वापस आने पर डेंग गायब था। यह जानकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने दो दिन तक पूरे शहर की छानबीन कर डाली, लेकिन बच्चे का कुछ पता नहीं लगा। बाद में पड़ोसियों ने सलाह दी कि बच्चे को पास में मौजूद एक बंद पड़े कारखाने में ढूंढ़ना चाहिए।दरअसल, कारखाने के परिसर में कई सूखे कुएं थे। उन लोगों ने प्रत्येक कुएं के पास जाकर बच्चे को आवाज लगाई। फिर एक कुएं में से बच्चे के चिल्लाने की धीमी सी आवाज आई। उसके बाद बचावकर्मियों को बुलाया गया। बच्चे को बाहर निकालने में तीन घंटे लग गए। उसने बताया कि वो वहां पर खेलने गया था लेकिन उसका पांव फिसल गया और कुएं में गिर गया। मदद के लिए उसने बहुत आवाज दी लेकिन किसी ने नहीं सुना।आश्चर्य की बात यह थी कि दो दिन तक कुएं में रहने के बावजूद बच्चा स्वस्थ था। बस उसके चेहरे पर कुछ खरोंच आई थीं। जब उससे पूछा गया कि उसे अंधेरे में डर नहीं लगा? तो उसने बताया कि कुएं में एक बिल्ली भी उसके साथ थी। यह बिल्ली पहले से ही कुएं में थी। बच्चे के बाद बिल्ली को भी निकाला गया।

0 comments:

Post a Comment