Monday, February 28, 2011

जादूगर के इशारे पर नाच रही मछलियां!


बीजिंग। चीन में आजकल एक जादूगर जबर्दस्त सुर्खियों में हैं। मछलियों को अपने इशारे पर नचाने वाले इस जादूगर के हैरतंगेज कारनामे देख लोग चकित हैं।फू यानडोंग न जाने ऐसा क्या करते हैं कि सारी गोल्ड फिश एक कतार में तैरने लगती हैं। उसके बाद फू उन्हें जिस-जिस दिशा में तैरने का निर्देश देते हैं, वे उस-उस तरफ तैरती जाती हैं। फू ने करीब दो हफ्ते पहले चीन के लैंटर्न फेस्टिवल शो में पहली बार अपना जादू दिखाया था। उनके जादू को देखकर दर्शकों को तो बड़ा मजा आया, लेकिन पशु क्रूरता के खिलाफ काम करने वाले संगठन नाराज हो गए। इन संगठनों का दावा है कि फू मछलियों को चुंबक खिला देते हैं या फिर शरीर के किसी भाग में चुंबक लगा देते हैं। उसके बाद वह जिस तरफ अपने हाथों को नचाते हैं, मछलियां भी उसी दिशा में जाने लगती हैं। फू का अगला शो हुनान राज्य में होने वाला है। 53 गैर सरकारी संगठनों ने उनके शो के खिलाफ प्रदर्शन करने की धमकी दी है। साथ ही टीवी स्टेशनों से उनके कार्यक्रम को प्रसारित नहीं करने की अपील की है। फू का कहना है कि वह अपना शो जारी रखेंगे और न ही अपने जादू का राज किसी को बताएंगे। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी मछलियों के साथ कोई क्रूरता नहीं की। वे एकदम स्वस्थ हैं। इसलिए मैं शो जारी रखूंगा।

0 comments:

Post a Comment