Monday, February 14, 2011

झील में दबा मिला 'विश्व का आठवां आश्चर्य' !!


वेलिंग्टन.19वीं शताब्दी के अंत में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों द्वारा 'विश्व का आठवां आश्चर्य' करार दिए गए न्यूजीलैंड के पहले पर्यटक आकर्षण को एक झील के नीचे से खोज निकाला गया है।समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक यह पर्यटक आश्चर्य 125 वर्ष पहले ज्वालामुखी विस्फोट के कारण रोटोमाहाना झील के नीचे दब गया था। इसे उत्तरी आईलैंड के भूउष्णीय क्षेत्र से 30 किलोमीटर दूर स्थित रोटोमहाना झील के तल से खोजा गया है।न्यूजीलैंड और अमेरिका के वैज्ञानिकों का कहना है कि उन्होंने इस आश्चर्य के रूप में गुलाबी और सफेद रंग के सीढ़ीदार खेत खोज निकाले हैं। इसे रोटोमाहाना झील से 60 मीटर की गहराई पर प्राप्त किया गया है।ये सीढ़ीदार खेत 10 जून, 1886 को माउंट तारावेरा नाम के ज्वालामुखी में हुए भयंकर विस्फोट के कारण जल में समा गए थे। 1111 मीटर ऊंचे माउंट तारावेरा में पांच घंटों तक हुए लगातार विस्फोट ने तीन गावों को नष्ट कर दिया था। इस घटना में 153 लोगों की जान गई थी।हजारों लोगों को अपनी जान बचाकर दूसरे स्थानों पर भागना पड़ा था। इस विस्फोट से निकले धुएं को 10 किलोमीटर की दूरी से भी देखा जा सकता था। इस विस्फोट के कारण रोटोमहाना झील पूरी तरह सूख गई थी।विस्फोट की प्रक्रिया खत्म होने के बाद झील दोबारा भर गई लेकिन सीढ़ीदार खेतों का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद आठ वर्ग किलोमीटर में फैली इस झील में सीढ़ीदार खेतों की तलाश शुरू की गई। इसका पता भूउष्णीय प्रणाली के जरिए लगाया जाने लगा।पानी के अंदर की वस्तुओं का पता लगाने के लिए जलवाहन उतारे गए और सोनार किरणों के माध्यम से सीढ़ीदार खेतों को खोजने का व्यापक प्रयास शुरू हुआ। इसी क्रम में वैज्ञानिकों को 70 मीटर की गहराई पर इन खेतों के अंश मिले और फिर उन्हें पूरी तरह खोज निकाला गया।

0 comments:

Post a Comment