Sunday, January 16, 2011

फिर पर्दे पर दिखेंगी मर्लिन मुनरो


न्यूयॉर्क। हॉलीवुड की सबसे सेक्सी अदाकारा मर्लिन मुनरो अपनी मौत के करीब पचास साल बाद एक बार फिर से सिल्वर स्क्रीन पर नजर आएंगी। इस बात पर आपको शायद ही यकीन हो, लेकिन ऐसा होने जा रहा है। पर्दे पर उनको ला रहे हैं अमेरिकी प्रोड्यूसर जेमी साल्टर। दरअसल जेमी ने मुनरो की तस्वीरों को इस्तेमाल करने और कंम्यूटर तकनीक की मदद से उनको पर्दे पर पेश करने के अधिकार खरीदे हैं। जेमी ने लाखों डॉलर का यह सौदा बृहस्पतिवार को किया। गौरतलब है कि 1962 में 36 साल की उम्र में मुनरो की मौत नशीली दवाओं की ओवरडोज लेने से हुई थी। जेमी का कहना है कि कंप्यूटर के जरिए हमने मुनरो की वही शोख, चंचल तस्वीर उतारने की कोशिश की है। वही शरारती आंखें, वही सुर्ख होंठ। बस इस नई मुनरो के कपड़े, परफ्यूम और ज्वेलरी नए होंगे। जेमी की कंपनी ऑथेंटिक ब्रांड्स इससे पहले मशहूर गायक बॉब मार्ले के परिवार से इजाजत लेकर उनकी तस्वीरों का भी इस्तेमाल कर चुकी है। अब उन्होंने मुनरो की उत्तराधिकारी अन्ना स्टार्सबर्ग से उनके अधिकार खरीदे हैं। सौदे की रकम को अभी गुप्त रखा गया है। जेमी का कहना है कि आज लिंडसे लोहान और पॉप सिंगर लेडी गागा जैसी कई नायिकाएं मुनरो की नकल करती हैं क्योंकि वह सभी नायिकाओं के लिए एक आदर्श हैं। मुनरो में ग्लैमर, सेक्स अपील और खूबसूरती सब कुछ साथ था। उनके जैसा आजतक कोई नहीं हुआ। आज के युवा भी मुनरो के नाम पर आहें भरते हैं।

0 comments:

Post a Comment