Tuesday, March 8, 2011

बर्फ में दफन होकर बनाया व‌र्ल्ड रिकॉर्ड!


बीजिंग। व्यक्ति को पचास की उम्र के बाद बुजुर्ग माना जाने लगता है। उससे साहसिक कार्यो की उम्मीद कम हो जाती है। मगर चीन में 54 साल के बुजुर्ग ने बर्फ में सबसे लंबे समय तक दफन रहने का विश्व रिकॉर्ड बनाकर पूरी दुनिया को चौंका दिया। उन्होंने साबित कर दिखाया कि पक्का इरादा हो, तो उम्र आड़े नहीं आती।उत्तर-पूर्व चीन के हीलोंगजियांग प्रांत के जिन सोंघाओ ने बर्फ में 46 मिनट, दस सेकंड का समय बिताकर गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। इस उम्र में जिन का साहस देखिए कि वह केवल स्विम सूट पहनकर बर्फ में इतनी देर तक दबे रहे। इस दिन तापमान भी शून्य से 36 डिग्री सेल्सियस नीचे था, लेकिन इतनी ठंड भी जिन के इरादों को डिगा नहीं सकी। बर्फ में इतनी देर तक दबे रहने पर भी उनके शरीर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। डॉक्टरी परीक्षण के बाद उन्हें स्वस्थ घोषित किया गया।जिन को कड़े अभ्यास के बाद इस जोखिम भरे काम में सफलता हासिल हुई है। इससे पहले वह साल की शुरुआत में भी बर्फ का एक और रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। उन्होंने बर्फ से भरे एक पारदर्शी डिब्बे में दो घंटे का समय बिताकर रिकॉर्ड कायम किया था।

0 comments:

Post a Comment