Wednesday, March 9, 2011

अमेरिका में धर्मगुरु को 14 साल की जेल


ह्यूस्टन। भारतीय मूल के भगोड़े धार्मिक गुरु प्रकाशानंद सरस्वती उर्फ 'श्री स्वामी जी' को अमेरिका की एक अदालत ने 14 साल कैद की सजा सुनाई है। साथ ही एक लाख डॉलर [करीब 45 लाख रुपये] का जुर्माना लगाया है। स्वामी जी पर मध्य टेक्सास में अपने बरसाना धाम आश्रम में दो शिष्याओं, श्यामा रोज [30] और वेस्ला टोनिसेन काजीमर [27] ने 2008 में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।अदालत में धर्म गुरु को 20 आपराधिक आरोपों का दोषी पाया गया।
पीड़ित युवतियों ने स्वामी जी को मिली सजा पर खुशी जताई है। आठ पुरुषों और चार महिलाओं की ज्यूरी को फैसला सुनाने में आधे घंटे का समय लगा। फैसले के समय स्वामी जी अदालत में मौजूद नहीं थे। पिछले हफ्ते ज्यूरी ने प्रकाशानंद को गुंडागर्दी के बल पर दो लड़कियों के साथ यौनाचार का दोषी पाया था, जिनका परिवार उनके ही आश्रम में रहता था।इससे पहले अभियोजन पक्ष ने ज्यूरी से 20 आरोपों में प्रत्येक आरोप पर बीस साल यानी चार सौ साल कैद देने की मांग की थी। आश्रम के प्रवक्ता ने कहा कि स्वामी जी कहां है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। जमानत पर रिहा चल रहे स्वामी जी को जज ने गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। स्वामी जी का पासपोर्ट पहले ही जब्त किया जा चुका है।

0 comments:

Post a Comment