Tuesday, November 2, 2010

शेरों से मन बहलाना महंगा पड़ा


लंदन। दक्षिण अफ्रीका में दिल दहला देने वाले एक हादसे में तीन शेर नशे में धुत एक बार मैनेजर को जिंदा चबा गए। ब्रिटिश अखबार 'द सन' के मुताबिक अभ्यारण्य में पूरी रात पार्टी करने के बाद वह शेरों के साथ मन बहलाना चाहता था, मगर इसकी कीमत उसे जान देकर चुकानी पड़ी।

अखबार के अनुसार अभ्यारण्य के अधिकारियों का अनुमान है कि 30 वर्षीय जेन-फ्रेडरिक ब्रेडनहेंड शेरों के पिंजरे पर चढ़ रहा था। जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, शेरों ने टांग पकड़कर उसे नीचे खींच लिया और उसके टुकड़े कर डाले।

यह घटना पोर्ट एलिजाबेथ के एडो क्रोक एंड लॉयन रैंच में रविवार सुबह पांच बजे की है। एक पर्यटक वेलुचिया हासिम ने बताया, 'सुबह जेन के चीखने की आवाज सुनकर हम वहां पहुंचे। हमने देखा कि तीनों शेर उसके शरीर पर चढ़े थे। यह बहुत डरावना था। कोई उसकी जान नहीं बचा सका।'

अभ्यारण्य के मालिक जॉनी जेंस को मैनेजर के शरीर के बाकी बचे हिस्सों को छुड़ाने के लिए तीनों शेरों को गोली मारना पड़ी। मृतक के दोस्त ने बताया, 'हमने वहां सारी रात पार्टी की। फिर हम घर लौट आए, मगर जेन शेरों के साथ खेलना चाहता था। इस घटना का पता लगने के बाद सुबह जब हम वहां पहुंचे, तो शेरों ने जेन का पूरा पेट खा लिया था और उसके पैरों का मांस भी गायब था।'

0 comments:

Post a Comment