Sunday, December 19, 2010

बर्लुस्कोनी ने महिला सांसदों को दीं हीरे की अंगूठी


रोम। रंगीन मिजाजी के लिए मशहूर इटली के प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी ने क्रिसमस के मौके पर अपनी महिला सांसदों को हीरे जड़ित सोने की अंगूठी भेंट की है। इस अंगूठी की कीमत 1139 पौंड [करीब 83 हजार रुपये] है। उन्होंने निचले सदन की 24 महिला सांसदों और उच्च सदन की 13 सीनेटरों के लिए कुल 37 अंगूठियों का आर्डर दिया था।
'द टेलीग्राफ' की रिपार्ट के मुताबिक 74 वर्षीय बर्लुस्कोनी ने अंगूठियों को बनाने का जिम्मा प्रसिद्ध जौहरी रिकार्लो को सौंपा था। उपहार पाने वालों में पूर्व तानाशाह बेनिटो मुसोलिनी की प्रपौत्री एलेक्सजेंड्रा मुसोलिनी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा,'यह बहुत ही खूबसूरत उपहार है। सभी महिला सांसद इसे पाकर बहुत ही खुश हैं।' उल्लेखनीय है कि बर्लुस्कोनी विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और महिला सांसदों को महंगे तोहफे देने के शौकीन माने जाते हैं। उन्होंने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर सहित दुनिया के कई नेताओं को महंगी घड़ियां उपहार में दी थी। पिछले महीने मोरक्को की मशहूर बैले डांसर करीमा अल माहरूफ के नृत्य से खुश होकर उसे सात हजार पाउंड [करीब चार लाख रुपये] का हीरे का हार उपहार में दिया था। पिछले साल उन्होंने महिला सांसदों को हीरे का क्रास उपहार में दिया था। उधर, विपक्ष ने आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रही इतावली अर्थव्यवस्था को उबारने के बजाए सांसदों को महंगे तोहफे देने पर प्रधानमंत्री की आलोचना की है।

0 comments:

Post a Comment