Friday, October 29, 2010

मुंबई में दिवाली मनाएंगे ओबामा


नई दिल्ली। अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की बहुप्रतीक्षित भारत यात्रा का कार्यक्रम घोषित हो चुका है। गुरूवार को व्हाइट हाउस ने भारत को ओबामा के कार्यक्रम की जानकारी दे दी है। इस दौरान ओबामा मुंबई में दिवाली मनांएगे लेकिन अमृतसर के स्वर्ण मंदिर जाने का उनका कोई कार्यक्रम नहीं है। तीन दिवसीय भारत यात्रा के दौरान ओबामा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से मुलाकात करेंगे।

ओबामा 5 नवंबर की रात को वाशिंगटन से भारत कि लिए रवाना होंगे। और 6 नवंबर को दोपहर तक मुंबई पहुंच जाएंगे। मुंबई में ओबामा 26/11 के हमलों से पीडित ताज होटल में ठहरेंगे और इस दौरान मुंबई हमलों के पीडितों से भी मुलाकात करेंगे। 6 नवंबर को ही ओबामा इंडिया- यूएस बिजनेस काउंसिल में भारतीय कंपनियों के समूह को मिलेंगे।

7 नवंबर को ओबामा मुंबई के स्कूली बच्चों के साथ दीवाली के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद टाउन हॉल में युनिवर्सिटी के छात्रों से रूबरू होंगे। ओबामा 8 नवंबर को राजधानी दिल्ली में होंगे जहां वे राजघाट और हुमायूं के मकबरे को देखने के बाद प्रधानमंत्री से मिलने जाएंगे। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद ओबामा शाम को संसद के संयुक्त सत्र को संबोघित करेंगे। दिन के आखिर में ओबामा राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से मिलेंगे और उनके साथ रात्रिभोज में हिस्सा लेंगे।

तीन दिनी यात्रा के बाद ओबामा 9 नवंबर की सुबह ही दिल्ली से जकार्ता के लिए रवाना हो जाएंगे। ओबामा के कार्यक्रम से उनके स्वर्ण मंदिर जाने की अटकलों पर भी विराम लग गया है।

0 comments:

Post a Comment