Saturday, October 30, 2010

देख चुके हैं 19 प्रधानमंत्री


लंदन। ब्रिटेन में पांच ऐसे भाई-बहन हैं, जिनकी कुल उम्र पांच सौ साल से थोड़ी ही कम है। ..और विश्वास कीजिए कि यह अपने आप में एक कीर्तिमान है। जल्द ही इनका नाम गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकॉ‌र्ड्स में दर्ज होने वाला है।

इनमें 102 वर्षीया कैथलीन, सौ साल की ग्लेड्स और 94 वर्षीया लिलियन तीन बड़ी बहनें हैं। इनके दो भाई 92 वर्षीय लियोनार्ड और 86 साल के कोर्टनी हैं। इनकी संयुक्त उम्र 474 साल है। इन पांचों का जन्म बीसवीं सदी की शुरुआती दौर में हुआ था। तब से अब तक ये भाई-बहन ब्रिटेन में 19 प्रधानमंत्री और दो विश्व युद्ध देख चुके हैं। इनकी उम्र का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब ये पैदा हुए थे, तब बिजली और प्रेशर कुकर के बारे में दुनिया के बहुत ही कम लोग जानते थे।

ग्लेड्स की 68 वर्षीया बेटी लूसील एडमेंट ने बताया, ये लोग वाकई अद्भुत हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी सभी काफी चुस्त हैं। हमारे परिवार को इन पर बहुत गर्व है। मुझे लगता है कि हमारे परिवार की लंबी आयु का राज कड़ा परिश्रम है।

इन पांचों के कुल आठ बच्चे और 11 नाती-पोते हैं। अब तो नाती-पोतों के भी बच्चे हो चुके हैं। गिनीज बुक के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सर्वाधिक उम्र के भाई-बहनों के रूप में इनके नामों की पुष्टि कर दी है। नए संस्करण में इनका रिकॉर्ड किताब में दर्ज किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment