Friday, October 29, 2010

आज सात फेरे लेंगे विवेक ओब्राय




बेंगलूर। बॉलीवुड के सितारे विवेक ओबेरॉय आज मंत्रोच्चार और शहनाई की स्वर लहरियों के बीच अल्वा फार्महाउस में प्रियंका अल्वा के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। समारोह की शुरुआत आज इस जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए की गई प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद हल्दी की रस्म हुई।

एक अतिथि ने बताया हल्दी की रस्म में प्रियंका को हल्दी लगाई गई और माथे पर कुमकुम लगाया गया। इसे शुभ माना जाता है। कल रात विवेक की नवीनतम फिल्म रक्त चरित्र के गीतों पर तथा बॉलीवुड की अन्य धुनों पर उनके और प्रियंका के करीबी मित्रों और परिजनों ने नृत्य किया। नृत्य करने वालों में विवेक व प्रियंका के अभिभावक भी थे। विवेक के करीबी मित्र और प्रख्यात ड्रम वादक शिवमणि ने कल रात अपनी प्रतिभा से समां बांध दिया। इस दौरान भारतीय, चाइनीज और कॉन्टीनेन्टल व्यंजन परोसे गए। आज दिन भर रस्मों का सिलसिला चलता रहा। पहले चूड़ा रस्म हुई जिसमें प्रियंका को हाथीदांत से निर्मित सफेद और लाल चूडि़यां पहनाई गईं। फिर सेहराबंदी की रस्म के तहत विवेक को सेहरा बांधा गया।

मुंबई में रहने वाले विवेक यहां उत्तर भारतीय परंपरा के अनुसार बारात ले कर आए हैं। समझा जाता है कि ये रस्में देर रात को जयमाला तथा अग्नि को साक्षी मान कर सात फेरे लिए जाने के बाद संपन्न होंगी। बारात उत्सव के दौरान 34 वर्षीय विवेक संभवत: परंपरागत सुर्ख मैरून रंग की कशीदाकारी वाली शेरवानी पहनेंगे। वह प्रियंका द्वारा खास तौर पर चुनी गई परंपरागत तलवार लिए हुए होंगे। 28 वर्षीय प्रियंका ने लंदन से प्रबंधन में स्नातक किया है। कहा जा रहा है कि विवाह के दौरान वह 14 अलग-अलग रंगों वाला खास तौर पर डिजाइन किया गया लहंगा पहनेंगी। रात्रि भोज के लिए विशेष रूप से उत्तर भारतीय, तटीय विशेषता वाले, अंतरराष्ट्रीय और परंपरागत व्यंजन तैयार किए गए हैं।

प्रियंका कर्नाटक के पूर्व मंत्री दिवंगत जीवराज अल्वा की पुत्री हैं। अल्वा परिवार के विवेक के परिवार के साथ पुराने संबंध हैं। समझा जाता है कि विवाह समारोह में मुख्यमंत्री बी एस यदियुरप्पा आएंगे। सूत्रों ने बताया आज यहां आने वाली बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियों की संख्या अधिक नहीं होगी। हमें उम्मीद है कि सभी लोग 31 अक्तूबर को मुंबई में होने वाले रिसेप्शन में जरूर आएंगे।

0 comments:

Post a Comment