Tuesday, November 9, 2010

विद्रोहियों ने की 15 की हत्या


बस पर अंधाधुंध फायरिंग में आठ व अन्य घटना में पांच हिन्दीभाषियों को मौत के घाट उतारा
तेजपुर (एजेंसी)। एनडीएफबी विद्रोहियों ने सोमवार को असम के सोनीतपुर और बक्सा जिलों में आठ बसयात्रियों और पांच हिंदी भाषी लोगों सहित 15 लोगों की हत्या कर दी। घटनाओं में 16 अन्य लोग भी घायल हो गए। उग्रवादियों ने अरूणाचल प्रदेश से लगे सोनीतपुर जिले में एक बस को
रोककर उस पर अंधाधुंध गोलीबारी की। जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 16 अन्य घायल हो गए। मृतकों में ज्यादातर अरूणाचल प्रदेश सरकार के कर्मचारी है। उत्तरी क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक एसएन सिंह के मुताबिक एनडीएफबी के छह सशस्त्र उग्रवादियों ने सूतिया पुलिस थाने के इटाखोला के निकट सुदूरवर्ती बाओमारा इलाके में अरूणाचल प्रदेश राज्य परिवहन की बस पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। सिंह ने बताया कि बस तेजपुर से सीजूसा जा रही थी तभी जंगल में बस रोक कर उग्रवादियों ने उस पर
अंधाधुंध गोलियां चलाईं और आठ लोगों की हत्या कर दी। घटना में 12 अन्य को घायल हो गए है। सूत्रों के मुताबिक घायलों में से चार की हालत नाजुक है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। एक अन्य घटना में उग्रवादियों ने सोनीतपुर जिले में ही बेलसिरी रेलवे
स्टेशन को निशाना बनाते हुए पांच हिंदी भाषी लोगों की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार वे लोग एक ट्रेन से उतरे थे। एक महिला सहित सभी पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बक्सा जिले की एक अन्य घटना में उग्रवादियों ने मोहन दास नामक एक व्यक्ति की हत्या कर दी और दो अन्य को घायल कर दिया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक मारे गए और घायल हुए ज्यादातर लोग अरूणाचल प्रदेश सरकार के कर्मचारी है जो दिवाली के अवकाश के बाद घर से लौट रहे थे।

0 comments:

Post a Comment