Saturday, December 25, 2010

बिका एक बंगला 250 करोड़ रुपए में


जी हां सुनने में यह भले ही अविश्वसनीय लगे लेकिन यह सच है। एक बंगला बिका 250 करोड़ रुपए में और वह भी भारत में। अब तक किसी बंगले का यह अधिकतम रेट है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के शानदार नेपियन सी रोड में एक बंगला 250 करोड़ रुपए में बिका है। एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक मुंबई के एक जाने माने बिजनेसमैन रजनीश कपाड़िया का यह बंगला है। उन्होंने यह बंगला 2.048 वर्ग मीटर जगह में बनवाया था और यह संयुक्त परिवार की संपत्ति है। कपाड़िया परिवार में तीन भाई और दो बहनें भी हैं जो विदेश में रहती हैं। यह प्रॉपर्टी प्राइम लोकेशन पर है और यह सेंट्रल मुंबई में है।
बताया जाता है कि एक प्रमुख बिल्डर और एस्टेट डेवलपर ने इस बंगले को खरीदा है। नवंबर महीने में वकीलों ने इस प्रॉपर्टी के बाबत अखबारों में एक पब्लिक नोटिस निकलवाया था जिसमें उन्होंने लोगों से कहा था कि जिस किसी का इस इस संपत्ति में कोई हित या अधिकार हो या कोई टाइटल हो वो इसके मालिकों से दो हफ्ते में मिलें। इस नोटिस के पीछे मंशा यह जानना था कि इस प्रॉपर्टी में किसी तरह का कोई पेंच नहीं है। बताया जाता है कि इस प्रॉपर्टी के लिए 30 करोड़ रुपए एडवांस दिए गए हैं। लेकिन इसकी रजिस्ट्री अभी नहीं हो पाई है क्योंकि अभी इसमें एक किरायेदार है जिससे बातचीत हो रही है।खरीदार अभी नहीं चाहते हैं कि उनका नाम सामने आए। ऐसा समझा जा रहा है कि इसमें बाद में महंगे लक्जरी अपार्टमेंट बनेंगे क्योंकि इसका लोकेशन बहुत बढ़िया है।

0 comments:

Post a Comment